मथुरा। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लोहवन में 14 अगस्त को अवादा फाउंडेशन की ओर से वर्ष 2026 की हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला विकास अधिकारी श्रीमती गरिमा खरे का विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बैंड के साथ स्वागत किया। इसके बाद मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। बालिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कविता सक्सेना ने मुख्य अतिथि को माला और पटका पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती गरिमा खरे ने विद्यार्थियों को मेहनत और ईमानदारी के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अवादा फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि संस्था बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।
इस दौरान मुख्य अतिथि के कर-कमलों से मेधावी छात्र-छात्राओं अरुण धनगर, करण, लवली, शीतल और परी रावत को साइकिल प्रदान कर सम्मानित किया गया। साइकिल पाकर विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम के वयोवृद्ध श्री रूप किशोर ने विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और अवादा फाउंडेशन का आभार जताया। प्रधानाचार्या श्रीमती कविता सक्सेना ने कहा कि परिश्रम के बल पर सफलता स्वयं चलकर आती है, इसलिए विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करते हुए जीवन में आगे बढ़ना चाहिए।
सम्मानित विद्यार्थियों करण, अर्जुन और लवली ने कहा कि साइकिल उनके लिए सिर्फ एक साधन नहीं, बल्कि जिंदगी की दौड़ में सफलता की ओर बढ़ने में मददगार साबित होगी।