मांट क्षेत्र में किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर गुरुवार को तिरंगा यात्रा निकालकर प्रशासन के सामने आवाज बुलंद की। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं और किसानों की यह तिरंगा यात्रा नगला वैसला-जावरा से शुरू होकर मांट तहसील पहुंची। यहां किसानों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
किसान अशोक चौधरी ने बताया कि किसानों की प्रमुख मांगों में यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड को पक्का कराना, 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा दिलाना और खाद-बीज की समस्या का समाधान शामिल है। इसके अलावा किसानों ने क्षेत्र की बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने, ड्रेन और माइनरों की सफाई कराने तथा सिंचाई से जुड़ी समस्याओं का समय से निस्तारण कराने की मांग रखी।
किसानों का कहना है कि क्षेत्र में कई समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, जिनके कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए जमीनी स्तर पर समस्याओं का समाधान कराने की अपील की।
वहीं उपजिलाधिकारी ने किसानों को उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
तिरंगा यात्रा में अशोक चौधरी, प्रेमपाल सिंह, सोनवीर सिंह, शंकर सिंह, करुआ, मोहन सिंह, अतुल, हरिपाल सिंह, राजू और परिमाल सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।