Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 12 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
बीएसए कॉलेज के पास बेसमेंट में संचालित लाइब्रेरी को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा

मथुरा। बीएसए कॉलेज के पास स्थित पचहरा लाइब्रेरी में मंगलवार रात अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने लाइब्रेरी के बेसमेंट में संचालित होने को लेकर सवाल उठाए और जिला प्रशासन की कार्रवाई पर भी नाराजगी जताई।

एबीवीपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि पूर्व में लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन ने लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटरों की जांच कर कार्रवाई की थी। उस दौरान कई लाइब्रेरियां बेसमेंट में संचालित होती मिली थीं। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्र के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए संबंधित संचालकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों को पूरा करने के निर्देश दिए गए थे।

कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पूर्व में हुए हादसों के बावजूद बेसमेंट में लाइब्रेरी के संचालन को लेकर पर्याप्त सख्ती नहीं बरती जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि लाइब्रेरी बेसमेंट में संचालित हो रही है तो इसकी अनुमति किस स्तर से दी गई है और यहां सुरक्षा मानकों का पालन किस प्रकार किया जा रहा है।

वहीं, पचहरा लाइब्रेरी के संचालक का कहना है कि पूर्व में सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्र द्वारा निर्धारित मानक पूरे करने के लिए समय दिया गया था। संचालक के अनुसार, इसी दौरान लाइब्रेरी पर लगी सील भी खोल दी गई थी। उनका कहना है कि जब प्रशासन की ओर से मानक पूरे करने के लिए समय दिया गया है, तो ऐसे में दोबारा हंगामा क्यों किया जा रहा है।

हंगामे की सूचना पर बीएसए कॉलेज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने लाइब्रेरी संचालक से सिटी मजिस्ट्रेट से बातचीत कर मामले का समाधान कराने को कहा।

Previous News

वृंदावन में दिनदहाड़े महिला से कुंडल छीने, जांच में जुटी पुलिस

Next News

पिस्तौल छीनकर दरोगा पर फायरिंग करने वाला 118 मुकदमों का बदमाश एनकाउंटर में घायल