श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर मथुरा-वृंदावन नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए नगर निगम ने शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान शुरू कर दिया है।
इसी क्रम में सोमवार दोपहर नगर आयुक्त ओजस्वी राज के निर्देश पर भूतेश्वर चौराहे से सौंख रोड तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर निगम के प्रवर्तन दल की टीम ने सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के साथ-साथ रास्ते में बाधा बन रहे कबाड़, सामान और बेतरतीब खड़े वाहनों को भी हटवाया।
सड़क किनारे कब्जा करने वालों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान प्रवर्तन दल ने सड़क और फुटपाथ पर रखे गए ऐसे सामान को हटाया, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था। टीम ने अतिक्रमणकारियों को साफ चेतावनी दी कि दोबारा सड़क किनारे अतिक्रमण किया गया तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की टीम के मौके पर पहुंचते ही इलाके में हलचल मच गई। अतिक्रमण हटाओ अभियान की जानकारी मिलते ही कई दुकानदार और स्थानीय अतिक्रमणकारी आनन-फानन में अपना सामान समेटकर दुकानों और प्रतिष्ठानों के अंदर रखने लगे।
इससे साफ दिखाई दिया कि प्रवर्तन दल की कार्रवाई का तत्काल असर देखने को मिला और कई जगहों पर लोगों ने खुद ही रास्ता खाली करना शुरू कर दिया।
जन्माष्टमी को लेकर विशेष तैयारी
दरअसल, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दौरान मथुरा में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में शहर में यातायात का दबाव बढ़ जाता है। प्रमुख मार्गों और धार्मिक स्थलों के आसपास अतिक्रमण के कारण जाम और अव्यवस्था की स्थिति न बने, इसके लिए नगर निगम द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
नगर निगम का उद्देश्य प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त और सुगम यातायात के लिए तैयार करना है, ताकि जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अब देखना होगा कि नगर निगम की यह सख्ती सिर्फ अभियान तक सीमित रहती है या जन्माष्टमी के बाद भी सौंख रोड समेत शहर के प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहती है।