मथुरा। आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर नगर निगम ने शहर की यातायात और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार दोपहर नगर आयुक्त ओजस्वी राज के निर्देश पर नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने भूतेश्वर चौराहे से सौंख रोड तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
अभियान के दौरान प्रवर्तन दल ने सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण, कबाड़ के रूप में रास्ता अवरुद्ध करने वाली वस्तुओं और बेतरतीब खड़े वाहनों को सख्ती से हटवाया। टीम ने दुकानदारों और अन्य अतिक्रमणकारियों को सड़क और सार्वजनिक मार्ग पर दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी भी दी।
नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ अभियान की जानकारी जैसे ही स्थानीय दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों को हुई, कई लोग आनन-फानन में सड़क किनारे रखा अपना सामान अंदर रखने लगे। इससे प्रवर्तन दल की कार्रवाई का असर मौके पर साफ दिखाई दिया।
नगर निगम की टीम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान मथुरा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सड़क और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से रखे सामान को हटाने के साथ-साथ आवागमन में बाधा बन रहे स्थानों को भी खाली कराया गया, ताकि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
नगर निगम की ओर से संकेत दिए गए हैं कि जन्माष्टमी तक शहर के अन्य प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रह सकती है।