मथुरा। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मथुरा में 12 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को लेकर भारतीय जनता पार्टी होली गेट मंडल की कार्ययोजना बैठक गोविंद नगर क्षेत्र स्थित एक होटल में आयोजित की गई। बैठक में भाजपा महानगर एवं होली गेट मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और पार्षदों ने हिस्सा लिया और यात्रा को सफल एवं भव्य बनाने की रणनीति तैयार की।
बैठक में तय किया गया कि 12 अगस्त की शाम 4 बजे तिरंगा यात्रा होली गेट स्थित अप्सरा टॉकीज से शुरू होगी। इसके बाद यात्रा स्वामी घाट और चौक बाजार होते हुए भरतपुर गेट स्थित अग्रवाल धर्मशाला पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन किया जाएगा।
मंडल अध्यक्ष लोकेश तायल और महानगर उपाध्यक्ष रामकिशन पाठक ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को राष्ट्रभक्ति से जोड़ना और जन-जन तक देशप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि यात्रा को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को वार्ड स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को यात्रा से जोड़ने का आह्वान किया गया है।
बैठक का संचालन मंडल महामंत्री नितिन चतुर्वेदी ने किया। इस दौरान महानगर मंत्री दीपक गोला, तिरंगा यात्रा संयोजक धनंजय सिंह लोधी, नरेश शर्मा, धर्मेंद्र चौधरी सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और पार्षद मौजूद रहे।
12 अगस्त को प्रस्तावित तिरंगा यात्रा को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। आयोजकों का कहना है कि यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल होकर राष्ट्रभक्ति के रंग में मथुरा को रंगने का संदेश देंगे।