बदलते दौर में दुल्हनों को सजाने-संवारने के लिए मेकअप और ब्यूटी इंडस्ट्री में लगातार नई तकनीकों और प्रयोगों को अपनाया जा रहा है। इसी क्रम में मथुरा में आयोजित एक विशेष ब्यूटी सेमिनार में मुंबई की सेलिब्रिटी कलाकार एवं टीवी अभिनेत्रियों ने मेकअप आर्टिस्टों को आधुनिक तकनीकों की जानकारी देकर उनके हुनर को निखारा।
सेमिनार में मुंबई से पहुंचीं टीवी कलाकार लता सब्बरवाल और खुशी शेख ने प्रतिभागियों के सामने स्वयं मेकअप करके विभिन्न आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया। उन्होंने ब्राइडल मेकअप, चेहरे की खूबसूरती को निखारने, स्किन टोन के अनुसार मेकअप तथा आधुनिक मेकअप के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में मथुरा सहित आसपास के शहरों और कस्बों से बड़ी संख्या में मेकअप आर्टिस्टों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से मेकअप की बारीकियां सीखीं और नई तकनीकों को अपने काम में शामिल करने के तरीके जाने।
अभिनेत्री लता सब्बरवाल ने मथुरा पहुंचने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि धार्मिक नगरी मथुरा और ब्रजभूमि में आकर उन्हें बेहद अच्छा लग रहा है। उन्होंने कहा कि वह ब्रजभूमि में बार-बार आना चाहेंगी। इस दौरान उन्होंने ब्रजवासियों को प्रेमपूर्वक “राधे-राधे” कहा।