उत्तर प्रदेश में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने 8 अगस्त को प्रदेश के 63 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं मीरजापुर और सोनभद्र में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण बारिश का दौर जारी है। प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवा और आंधी भी चल सकती है।
आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, शामली, बुलंदशहर, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, प्रयागराज, वाराणसी समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं लखनऊ समेत कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में बारिश का सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। 13 अगस्त तक अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।