मथुरा-वृंदावन नगर निगम के भूतेश्वर जोन कार्यालय में शुक्रवार को नवागत नगर आयुक्त ओजस्वी राज की ओर से पार्षदों के साथ परिचय बैठक आयोजित की गई। हालांकि बैठक शुरू होने से पहले ही कांग्रेस के चार पार्षदों ने इसका बहिष्कार कर दिया।
कांग्रेस पार्षदों का आरोप है कि नगर आयुक्त कार्यालय में उन्हें बैठने के लिए कुर्सी तक उपलब्ध नहीं कराई गई और काफी देर तक कार्यालय के बाहर इंतजार कराया गया। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों के साथ इस तरह का व्यवहार असम्मानजनक है।
कांग्रेस पार्षद संतोष पाठक ने आरोप लगाया कि उनके वार्ड की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा दी गई फाइलों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है और अधिकारियों का रवैया जनप्रतिनिधियों के प्रति उदासीन है।
कांग्रेस पार्षद दल के नेता धनंजय चौधरी ने भी आरोप लगाया कि उन्हें उचित सम्मान नहीं दिया गया और लंबे समय तक कार्यालय के बाहर बैठाए रखा गया। इसी कारण उन्होंने बैठक का बहिष्कार करने का निर्णय लिया।
वहीं भाजपा पार्षद सुभाष यादव ने कांग्रेस के आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि बैठक सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई। उनके अनुसार नगर आयुक्त ने सभी पार्षदों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और सभी जनप्रतिनिधियों को पूरा सम्मान दिया गया।
गौरतलब है कि यह परिचय बैठक पहले 1 अगस्त को प्रस्तावित थी, लेकिन किसी कारणवश स्थगित कर दी गई थी। शुक्रवार को आयोजित बैठक में इसी मुद्दे को लेकर राजनीतिक विवाद देखने को मिला।