मथुरा। जनपद के बलदेव ब्लॉक में पिछले तीन महीनों से ग्राम पंचायतों में विकास कार्य ठप होने के विरोध में प्रधान संगठन ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को ब्लॉक प्रमुख प्रतीक भरंगर के कार्यालय पर प्रधानों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विकास कार्य शुरू कराने के लिए रणनीति बनाई गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द ही जिलाधिकारी से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया जाएगा।
बैठक में प्रधानों ने कहा कि तीन महीने से ग्राम पंचायतों में विकास कार्य पूरी तरह बंद पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। गांवों के लोग विकास कार्य न होने के लिए प्रधानों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, जबकि वास्तविक स्थिति कुछ और है। इससे प्रधानों की छवि भी प्रभावित हो रही है।
ब्लॉक प्रमुख प्रतीक भरंगर ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में प्रधानों को मिले अधिकारों का प्रभावी उपयोग नहीं हो पा रहा है, जिसके चलते पंचायत स्तर के विकास कार्य पूरी तरह प्रभावित हैं। उन्होंने बताया कि प्रधान संगठन ने जिलाधिकारी से मिलने का समय लिया है और जल्द ही सभी समस्याओं को उनके सामने रखा जाएगा।
प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष योगेश गौतम ने कहा कि लगातार तीन महीने से विकास कार्य बंद होने के कारण ग्रामीणों में यह धारणा बन रही है कि प्रधान कार्य नहीं करा रहे हैं या सरकारी धन का सही उपयोग नहीं हो रहा है। इससे प्रधानों को गांवों में लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है।
प्रधान संगठन ने उम्मीद जताई कि जिलाधिकारी के साथ होने वाली वार्ता के बाद ग्राम पंचायतों में रुके हुए विकास कार्य जल्द शुरू होंगे और ग्रामीणों को राहत मिलेगी