Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 06 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
तेल माफिया अशोक जैन पर मथुरा पुलिस का बड़ा एक्शन, 20 करोड़ की संपत्ति कुर्क

मथुरा। रिफाइनरी की पाइपलाइन में सेंध लगाकर तेल चोरी करने के मामले में मथुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गैंगस्टर एक्ट के तहत मध्य प्रदेश के देवास जिले के सोनकच्छ निवासी तेल माफिया अशोक जैन की करीब 20 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है। कार्रवाई के दायरे में इंदौर स्थित एक पेट्रोल पंप के साथ देवास के तीन खेत और दो प्लॉट आए हैं।

पुलिस के मुताबिक, करीब तीन वर्ष पूर्व गिरोह ने मथुरा के फरह थाना क्षेत्र के सेरसा गांव के समीप रिफाइनरी की पाइपलाइन में सेंध लगाकर बड़े पैमाने पर तेल चोरी की घटना को अंजाम दिया था। आरोप है कि तेल चोरी से अर्जित रकम के जरिए करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति खड़ी की गई।

मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने गिरोह के 11 सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद गैंगस्टर एक्ट के तहत आरोपियों द्वारा कथित रूप से अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित करने की कार्रवाई शुरू की गई।

एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देशन में पुलिस ने मध्य प्रदेश के देवास और इंदौर में अशोक जैन की संपत्तियों को चिन्हित किया। इसके बाद मथुरा पुलिस की टीम ने मध्य प्रदेश पहुंचकर कुर्की की कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, कुर्क की गई संपत्तियों में इंदौर स्थित एक पेट्रोल पंप, देवास में तीन खेत और दो प्लॉट शामिल हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपये बताई गई है।

एसपी सिटी राजीव कुमार के मुताबिक, पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश जाकर संपत्तियों को कुर्क किया है। गिरोह के अन्य सदस्यों द्वारा कथित रूप से अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों का भी पता लगाया जा रहा है। ऐसी संपत्तियां चिन्हित होने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Previous News

पंखे से सुखाया जा रहा लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का डामर, वीडियो वायरल - अखिलेश यादव ने कसा तंज

Next News

आगरा में कोल्ड स्टोर मैनेजर से लूट का मामला, पुलिस ने आरोपियों को दबोचा