मथुरा। वृंदावन के ठाकुर श्री प्रियाकांत जू मंदिर में जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की उच्च शिक्षा के लिए बड़ी पहल की गई। विश्व शांति सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट और संस्कृति विश्वविद्यालय के सहयोग से चयनित 14 छात्राओं को निशुल्क उच्च शिक्षा के लिए प्रवेश स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
इन छात्राओं को B.Tech, BCA, BBA, MBA, MCA और B.Sc Agriculture समेत विभिन्न डिग्री कोर्स में पढ़ाई का अवसर मिलेगा। छात्राओं की काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें प्रवेश पत्र सौंपे गए।
प्रियाकांत जू मंदिर के संस्थापक देवकीनंदन ठाकुर महाराज ने कहा कि बेटियां शिक्षित होंगी तो समाज भी विकास की ओर बढ़ेगा। उन्होंने युवाओं को आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कार और संस्कृति से जोड़ने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सचिन गुप्ता और भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल भी मौजूद रहे।
यह कार्यक्रम मंदिर में चल रहे पार्थिव शिवलिंग महोत्सव के अंतिम दिन आयोजित हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने 4 लाख 65 हजार पार्थिव शिवलिंग बनाकर पूजन किया।