वृंदावन। धार्मिक नगरी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस ने अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शाओं और टेम्पो के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर शौर्य कुमार और कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान ओवरलोड टेम्पो और ई-रिक्शाओं के साथ निर्धारित रूट के बिना संचालित हो रहे वाहनों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस की अचानक कार्रवाई से नियमों की अनदेखी कर वाहन चला रहे चालकों में हड़कंप मच गया।
कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार ने कहा कि वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं ट्रैफिक इंस्पेक्टर शौर्य कुमार ने बताया कि आगामी त्योहारों के दौरान वृंदावन में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जा रही है। ऐसे चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।