उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देशों के क्रम में, उत्तर प्रदेश शासन के ग्राम्य विकास विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के आय-व्यय में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत आने वाले मार्गों के अनुरक्षण मद हेतु स्वीकृति प्रदान की गई है। इस मद में योजनांतर्गत सड़कों की मरम्मत, पोस्ट डीएलपी सड़कों की रिसर्फेसिंग/पीरियाडिक रिन्यूवल के बाद रखरखाव कार्य शामिल हैं।
इस उद्देश्य के लिए कुल 21,282.52 लाख रुपये की प्रावधानित धनराशि के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में 10,641.26 लाख रुपये (एक अरब छह करोड़ इकतालीस लाख छब्बीस हजार रुपये) की स्वीकृति दी गई है। इस संबंध में आवश्यक शासनादेश ग्राम्य विकास विभाग द्वारा जारी कर दिया गया है।
उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग निर्धारित गाइडलाइन्स एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाए। साथ ही सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कराए जाएं।
जारी शासनादेश में यह भी निर्देशित किया गया है कि स्वीकृत धनराशि दो समान किश्तों में आहरित की जाएगी। प्रथम किश्त का 75 प्रतिशत व्यय होने के बाद ही द्वितीय किश्त जारी की जाएगी। धनराशि का उपयोग प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत गठित उत्तर प्रदेश ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण की नियमावली तथा राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर जारी शासनादेशों के अनुरूप किया जाएगा।
इसके अलावा, धनराशि के आहरण और व्यय में सभी वित्तीय नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा व्यय की गई राशि के संबंध में उपयोगिता प्रमाण-पत्र संबंधित अधिकारियों/कार्यालय को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।