Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 01 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
जन्माष्टमी की तैयारियों में जुटा मथुरा-वृंदावन नगर निगम, नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने अधिकारियों संग बनाई कार्ययोजना

मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम मथुरा-वृंदावन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त ओजस्वी राज की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जन्माष्टमी की तैयारियों का विस्तृत खाका तैयार करते हुए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस बार जन्माष्टमी की व्यवस्थाएं पिछले वर्षों की तुलना में अधिक प्रभावी, व्यवस्थित और नवाचारयुक्त होनी चाहिए, ताकि देश-विदेश से धर्मनगरी पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। नगर आयुक्त ने एलईडी स्क्रीन पर पीपीटी के माध्यम से तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की और अधिकारियों से चर्चा कर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

प्रमुख मंदिरों और परिक्रमा मार्गों पर विशेष सफाई

नगर आयुक्त ने जन्माष्टमी से पहले शहर की सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। प्रमुख मंदिरों, परिक्रमा मार्गों और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही कृष्ण लीला पर आधारित आकर्षक वॉल पेंटिंग, फसाड लाइटिंग और प्रमुख चौराहों की सजावट कर मथुरा-वृंदावन को भव्य स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है।

पार्किंग से पेयजल तक, नोडल अधिकारियों को मिलेगी जिम्मेदारी

बैठक में पेयजल, मोबाइल शौचालय, प्याऊ, पार्किंग, ट्रैफिक प्रबंधन, भंडारा पंजीकरण, अतिक्रमण हटाने और निराश्रित गोवंश प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। इसके अलावा 24×7 कंट्रोल रूम, चिकित्सा सुविधाएं, खोया-पाया केंद्र, प्रसादी वितरण और कैंप कार्यालय की व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश दिए गए।

25 अगस्त से पहले भंडारा संचालकों का पंजीकरण

नगर आयुक्त ने मुख्य कर निर्धारण अधिकारी को सभी भंडारा संचालकों का पंजीकरण 25 अगस्त से पहले पूरा कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। वहीं निर्माण विभाग को प्रमुख सड़कों का तत्काल सर्वे कर उन्हें जन्माष्टमी से पहले गड्ढामुक्त करने और आवश्यक मरम्मत कार्य समय से पूरा करने को कहा गया है।

स्ट्रीट लाइट से विद्युत पोल तक होगी जांच

विद्युत एवं यांत्रिक अनुभाग को हाईमास्ट, सेमी हाईमास्ट, मिनी हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटों को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख स्थानों पर विशेष प्रकाश व्यवस्था के साथ विद्युत पोलों की इंसुलेटिव टेपिंग कराने को भी कहा गया है, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने अधिकारियों को नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने और अपने-अपने क्षेत्रों का लगातार स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे विश्वस्तरीय धार्मिक आयोजन की गरिमा के अनुरूप प्रत्येक व्यवस्था उत्कृष्ट होनी चाहिए। तैयारियों की प्रगति जानने के लिए आगामी सोमवार को दोबारा समीक्षा बैठक भी बुलाई जाएगी।

Previous News

'गटर जनरेशन' कहने पर कंगना रनौत पर आगरा में बढ़ा विवाद, कोर्ट पहुंचा मामला - छात्रों को लेकर बयान पर आपत्ति

Next News

ब्रेकिंग न्यूज़: अयोध्या में कोन दे रहा है बम बनाने की ट्रेनिंग - कॉलेज का पर्चा मिलने से मचा हड़कंप