Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 01 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
वृंदावन रोड पर स्कूल बस और ट्रैक्टर की आमने-सामने भिड़ंत, एक दर्जन छात्राएं घायल; तीन पहुंचीं अस्पताल

मथुरा के मांट क्षेत्र में शनिवार सुबह वृंदावन रोड पर स्कूल बस और ट्रैक्टर की आमने-सामने भिड़ंत से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में हनुमान प्रसाद धानुका सरस्वती बालिका विद्यालय की करीब एक दर्जन छात्राएं घायल हो गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूल बस के ड्राइवर साइड के अधिकांश शीशे टूट गए और कांच के टुकड़े बस में बैठी छात्राओं के चेहरे व शरीर पर जा लगे। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे।

जानकारी के अनुसार, स्कूल बस शनिवार सुबह मांट क्षेत्र से तीन दर्जन से अधिक छात्राओं को लेकर वृंदावन स्थित विद्यालय जा रही थी। सुबह करीब 8 बजे वृंदावन रोड पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर से बस की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में कई छात्राओं को चोटें आईं। सूचना मिलते ही मांट थाना प्रभारी उमेश कुमार यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल छात्राओं को बस से सुरक्षित बाहर निकलवाया।

हादसे में अधिक चोट लगने के कारण कक्षा 6 की छात्रा चेतना चौधरी, कक्षा 7 की यति चौधरी और सविता को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मांट भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन छात्राओं को अपने साथ घर ले गए। हादसे की जानकारी मिलने पर विद्यालय का स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूल बस और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। राहत की बात यह है कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में घायल सभी छात्राएं खतरे से बाहर बताई जा रही हैं।

Previous News

मथुरा में रात्रि गश्त पर निकली पुलिस जीप को ट्रक ने मारी टक्कर, दोनों वाहन खाई में गिरे - दो सिपाही घायल

Next News

पति की मौत के बाद विधवा को प्रताड़ित करने का आरोप, गोवर्धन थाने पहुंचकर लगाई न्याय और सुरक्षा की गुहार