Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 31 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
ऑटो में बैठाकर कपड़ा व्यापारी से ₹47 हजार की लूट का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में कपड़ा व्यापारी से ऑटो में बैठाकर 47 हजार रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नकदी, वारदात में प्रयुक्त ऑटो और लूट की रकम से खरीदा गया मोबाइल फोन बरामद किया है। जबकि उसका एक साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, कपड़ा व्यापारी अपने काम से लौट रहा था। इसी दौरान ऑटो चालक ने उसे जल्दी गंतव्य तक पहुंचाने के नाम पर शॉर्टकट रास्ते से ले जाने की बात कही। कुछ दूरी पर सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद चालक और उसके साथी ने व्यापारी को ऑटो से उतारकर उसके पास मौजूद 47 हजार रुपये लूट लिए और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

घटना से डरे व्यापारी ने तत्काल शिकायत नहीं की। करीब पांच दिन बाद उसने सिकंदरा थाने में तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर आरोपी आशीष को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी सुमित के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2,400 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल ऑटो और लूट की रकम से खरीदा गया मोबाइल बरामद किया है।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में शेष लूटी गई रकम की बरामदगी और अन्य कानूनी कार्रवाई भी जारी है।

 
 
Previous News

जाजमपट्टी रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, सोगरिया एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवक की मौत

Next News

स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट, ड्रोन और पैराग्लाइडर उड़ाने पर रोक