Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 30 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
फरह में जलभराव से फूटा लोगों का गुस्सा, वार्ड-7 के निवासियों ने किया प्रदर्शन

मथुरा के कस्बा फरह स्थित नगर पंचायत के वार्ड संख्या-7 में जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गुरुवार सुबह स्टेट बैंक के पीछे स्थित कैलाश नगर कॉलोनी के निवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए जल्द समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया और आरोप लगाया कि कई महीनों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया है।

स्थानीय निवासियों गीता, लक्ष्मी, नफीस, सुहाना, जुगल, ओमप्रकाश सहित अन्य लोगों का कहना है कि कॉलोनी की नालियों का गंदा पानी सड़कों और घरों के आसपास जमा रहता है। जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। उनका आरोप है कि नगर पंचायत में कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि जलभराव के कारण पूरे इलाके में बदबू फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों का दावा है कि कॉलोनी में कई बच्चे और बुजुर्ग बीमार पड़ रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष और संबंधित अधिकारियों से तत्काल नालियों की सफाई कराने, जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने और कॉलोनी को जलभराव की समस्या से जल्द राहत दिलाने की मांग की है।

Previous News

तेज रफ्तार SUV बनी मौत की रफ्तार, स्कूटी सवार युवक की मौके पर मौत; CCTV में कैद हुआ हादसा

Next News

नेपाल में सांप्रदायिक हिंसा ने पकड़ा तूल, कई शहरों में कर्फ्यू, तीन की मौत से हालात तनावपूर्ण