Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 30 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
कोटवन कट पर भीषण सड़क हादसा, प्राइवेट बस ने रोडवेज बस में मारी टक्कर, एक दर्जन से अधिक यात्री घायल

मथुरा के कोसीकलां थाना क्षेत्र स्थित कोटवन कट पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की रोडवेज बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बसों का संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क किनारे गड्ढे में उतर गईं। हादसे में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

सूचना मिलते ही कोसीकलां पुलिस, नेशनल हाईवे टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर किया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोडवेज बस अपने निर्धारित मार्ग पर चल रही थी, तभी पीछे से तेज गति से आ रही प्राइवेट बस ने उसमें टक्कर मार दी। यात्रियों का आरोप है कि प्राइवेट बस चालक अधिक सवारियां बैठाने की होड़ में तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था, जिसके चलते वह नियंत्रण खो बैठा और यह हादसा हो गया।

हादसे के बाद पुलिस ने हाईवे टीम और क्रेन की सहायता से दोनों क्षतिग्रस्त बसों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Previous News

सोफे पर बैठने ही वाले थे कि अंदर से निकला 5 फीट का कोबरा, परिवार में मचा हड़कंप

Next News

एक ही खतौनी पर 1000 से ज्यादा अपराधियों की जमानत! फर्जी बेल गैंग का मास्टरमाइंड गिरफ्तार