श्री बांके बिहारी की नगरी वृंदावन में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिक्रमा मार्ग का बड़े स्तर पर कायाकल्प किया जाएगा। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) ने करीब 100 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी दी है। योजना के तहत रमणरेती से निधिवन तक लगभग 3.30 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा, जिस पर लगभग 20 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस मार्ग पर ई-रिक्शा, अन्य वाहनों और पैदल परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग रास्ते विकसित किए जाएंगे, ताकि भीड़भाड़ और जाम की समस्या से राहत मिल सके।
एमवीडीए की उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि परिक्रमा मार्ग पर आधुनिक फुटपाथ, सुविधा जोन, आरसीसी कवर ड्रेन और सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा। साथ ही बिजली, संचार और अन्य यूटिलिटी सेवाओं को भूमिगत किया जाएगा, जिससे मार्ग अधिक सुरक्षित और आकर्षक बनेगा। इस परियोजना का उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर, सुरक्षित और सुगम परिक्रमा का अनुभव उपलब्ध कराना है।
योजना के दूसरे चरण में वृंदावन के व्यस्त अटल्ला चुंगी चौराहे पर करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से 800 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाएगा। फ्लाईओवर बनने से वाहनों का आवागमन निर्बाध होगा और परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को ट्रैफिक बाधित किए बिना अपनी परिक्रमा पूरी करने में सुविधा मिलेगी। इससे शहर की यातायात व्यवस्था में भी बड़ा सुधार आने की उम्मीद है।
इसके अलावा एमवीडीए ने मथुरा शहर के लिए भी दो बड़ी अवस्थापना परियोजनाओं को मंजूरी दी है। मछली फाटक से श्रीकृष्ण जन्मभूमि गेट नंबर-3 तक लगभग 350 करोड़ रुपये की लागत से एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी। वहीं मसानी कट से महाविद्या कॉलोनी तक करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से नया लिंक रोड, पार्किंग, बाउंड्री वॉल और अन्य जनसुविधाओं का विकास किया जाएगा। इन परियोजनाओं के पूरा होने से मथुरा-वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को यातायात और आधारभूत सुविधाओं में बड़ी राहत मिलेगी।