Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 29 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मुड़िया पूर्णिमा के बाद मथुरा जंक्शन पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, यात्रियों को ट्रेनों में बैठाने में रेलवे अधिकारियों के छूटे पसीने

विश्व प्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा मेले के समापन की ओर बढ़ते ही मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। 23 जुलाई से शुरू हुए इस मेले में देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु गोवर्धन परिक्रमा और गुरु पूर्णिमा के अवसर पर ब्रज पहुंचे थे। अब परिक्रमा पूर्ण होने के बाद श्रद्धालु अपने-अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हैं, जिसके चलते रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली।

बुधवार को मथुरा जंक्शन पर स्थिति यह रही कि जैसे ही कोई ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंचती, उसमें सवार होने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ती। कई ट्रेनों में सीट पाने की होड़ के कारण प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी जैसे हालात बन गए। हालांकि रेलवे प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहा और यात्रियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेनों में चढ़ाने का प्रयास करता रहा।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन, आरपीएफ, जीआरपी, स्काउट एवं गाइड की टीमें पूरी तरह मुस्तैद रहीं। आरपीएफ इंस्पेक्टर यू.के. कौशिक अपनी टीम के साथ लगातार प्लेटफॉर्म पर व्यवस्था संभालते नजर आए, जबकि स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार शर्मा स्वयं यात्रियों को व्यवस्थित ढंग से ट्रेनों में सवार कराने और भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे रहे। स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवक लाउडस्पीकर के माध्यम से यात्रियों को ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान और प्लेटफॉर्म संबंधी जानकारी देते रहे, जिससे भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मदद मिली।

रेलवे स्टेशन पर मानवता की मिसाल भी देखने को मिली। बुजुर्ग, दिव्यांग और चलने-फिरने में असमर्थ श्रद्धालुओं की सहायता के लिए आरपीएफ और रेलवे कर्मियों ने विशेष व्यवस्था की। कई बुजुर्ग यात्रियों को गोद में उठाकर और व्हीलचेयर के माध्यम से प्लेटफॉर्म से ट्रेन तक पहुंचाया गया तथा सुरक्षित तरीके से उनकी सीट तक बैठाया गया। रेलवे प्रशासन का कहना है कि मुड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ लगातार कार्य कर रहे हैं।

Previous News

राज्यसभा में पुलिस कार्रवाई पर घमासान, जेपी नड्डा बोले- 'आंदोलन करेंगे तो गिरफ्तारी भी होगी'

Next News

ललित कुंज आश्रम में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया गुरु पूर्णिमा महोत्सव, उमड़ा शिष्यों का सैलाब