Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 27 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मुड़िया पूर्णिमा मेले में स्वास्थ्य विभाग का सुरक्षा चक्र, हर किलोमीटर पर हाईटेक मेडिकल बूथ

गोवर्धन (मथुरा)। राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेले में इस वर्ष लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक चिकित्सा व्यवस्था की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ के निर्देश पर परिक्रमा मार्ग से लेकर जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक एक मजबूत स्वास्थ्य सुरक्षा चक्र तैयार किया गया है, ताकि किसी भी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इस बार मेले में केवल सामान्य चिकित्सकों की ही नहीं, बल्कि क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ और महिला रोग विशेषज्ञ भी तैनात किए गए हैं। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों के इलाज के लिए अलग से विशेषज्ञ डॉक्टरों की व्यवस्था की गई है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत उपचार मिल सके।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरे परिक्रमा मार्ग पर प्रत्येक एक किलोमीटर की दूरी पर कुल 22 हाईटेक मेडिकल बूथ स्थापित किए गए हैं। इन बूथों पर डॉक्टर, स्टाफ नर्स, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) और फार्मासिस्ट चौबीसों घंटे मौजूद रहेंगे। प्रत्येक मेडिकल बूथ पर ऑक्सीजन सिलेंडर, प्राथमिक उपचार की दवाइयां और आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि सांस लेने में तकलीफ, चक्कर आने, गर्मी या अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का मौके पर ही उपचार किया जा सके।

इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने 24 घंटे इमरजेंसी चिकित्सा सेवाएं भी संचालित की हैं। जरूरत पड़ने पर मरीजों को एंबुलेंस के माध्यम से तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जाएगा। मेले के दौरान जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने बरसाना, नंदगांव, मांट और नौहझील की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) पर भी अतिरिक्त डॉक्टरों, दवाइयों और मेडिकल स्टाफ की तैनाती की है। इन केंद्रों पर भी 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तुरंत नजदीकी मेडिकल बूथ या स्वास्थ्यकर्मियों से संपर्क करना चाहिए। विभाग का प्रयास है कि आस्था के इस महापर्व में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि सभी श्रद्धालु बिना किसी कठिनाई के गिरिराज महाराज की परिक्रमा और दर्शन कर सकें।

Previous News

गुरु पूर्णिमा मेले में गिरिराज धाम पर उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालु कर रहे सप्तकोसीय परिक्रमा

Next News

सीएचसी मांट में नवजात की मौत पर बवाल, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप