भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा 'माई भारत' पोर्टल के माध्यम से 15 जुलाई से 15 अगस्त तक चलाए जा रहे 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत' अभियान के अंतर्गत किशोरी रमण महिला महाविद्यालय (केआर गर्ल्स कॉलेज) में विकसित भारत युवा संपर्क कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. पल्लवी सिंह, मुख्य अतिथि प्रो. पूनम तिवारी तथा विशिष्ट अतिथि युवा आइकन दुर्गेश त्रिपाठी द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके बाद राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ा और अतिथियों का पटुका पहनाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला समन्वयक डॉ. अशोक ने छात्राओं को 'माई भारत' पोर्टल की उपयोगिता और उसके उद्देश्यों की जानकारी दी। वहीं जिला युवा अधिकारी अमित ने पोर्टल पर पंजीकरण के लाभ बताते हुए युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की।
मुख्य अतिथि प्रो. पूनम तिवारी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में राष्ट्रीय सेवा योजना, नेहरू युवा केंद्र, रोवर्स-रेंजर्स और एनसीसी जैसे युवा संगठन एक मंच पर मिलकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण और राष्ट्र विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।