Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 26 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा जंक्शन पर गूंजी नवजात की किलकारी, प्लेटफॉर्म पर महिला ने दिया बच्ची को जन्म

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन से मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करने वाली तस्वीर सामने आई। प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर एक महिला यात्री ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। रेलवे चिकित्सकों, आरपीएफ और रेलवे कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई से जच्चा और नवजात दोनों सुरक्षित हैं।

मथुरा जंक्शन के आरपीएफ सीसीटीवी कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर एक महिला यात्री बेहोश होकर गिर गई है और उसे तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही रेलवे अस्पताल को अलर्ट किया गया और रेलवे चिकित्सक डॉ. अभय अपनी मेडिकल टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

वहीं आरपीएफ की महिला उप निरीक्षक शीतल, महिला कांस्टेबल पिंकी देवी, अनुपम गौतम तथा आरपीएफ का अन्य स्टाफ भी तत्काल प्लेटफॉर्म पर पहुंच गया।

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि महिला का प्रसव हो चुका था और उन्होंने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया है। रेलवे चिकित्सकों ने तुरंत जच्चा और नवजात को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद रेल सुरक्षा बल और वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों के सहयोग से दोनों को बेहतर इलाज के लिए मथुरा के जिला महिला चिकित्सालय भेजा गया।

महिला की पहचान 35 वर्षीय धनकुंवर, निवासी बैरवारा, जनपद ललितपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उनके पति भी मौके पर मौजूद थे। बताया गया कि धनकुंवर हरियाणा के बावल से मथुरा जंक्शन की यात्रा कर रही थीं, तभी उन्हें प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।

फिलहाल मथुरा के जिला महिला चिकित्सालय में जच्चा और नवजात बच्ची का उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित हैं। रेलवे प्रशासन, चिकित्सकों और आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई की यात्रियों और स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

Previous News

प्रह्लाद जोशी ने संभाला शिक्षा मंत्रालय का कार्यभार, बोले- पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाऊंगा जिम्मेदारी

Next News

मुड़िया पूर्णिमा मेले में श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य शिविर शुरू, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने किया उद्घाटन