मथुरा। पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में आयोजित "सपनों की नई उड़ान" कार्यक्रम में सांसद हेमा मालिनी ने जनपद के परिषदीय विद्यालयों में हुए सकारात्मक बदलावों की सराहना करते हुए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के प्रयासों की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में बच्चों को डेस्क-बेंच उपलब्ध कराना शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ-साथ विद्यार्थियों के सम्मान और आत्मविश्वास को भी मजबूत करने वाला कदम है।
कार्यक्रम में बताया गया कि पंचायती राज विभाग और बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयासों से जनपद के 663 परिषदीय विद्यालयों में 14,060 डेस्क-बेंच उपलब्ध कराकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया है। इस उपलब्धि को दर्शाती एक विशेष वीडियो प्रस्तुति भी कार्यक्रम में प्रदर्शित की गई।
इस दौरान 'ज्ञान ज्योति' डिजिटल लाइब्रेरी से अध्ययन कर उपनिरीक्षक (SI) पद पर चयनित अभ्यर्थी को सांसद हेमा मालिनी और जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में किए गए प्रयासों की भी सराहना की गई।
कार्यक्रम में विधायक राजेश चौधरी, विधायक पूरन प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में हुए नवाचारों और प्रशासन की सकारात्मक पहलों को समाज के सामने प्रस्तुत करना था।