गौ माता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने, गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और केंद्रीय गौ संरक्षण कानून बनाए जाने की मांग को लेकर मथुरा में 27 जुलाई को भव्य गौ सम्मान शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन भी जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा।
इस कार्यक्रम की जानकारी शुक्रवार को मसानी बायपास लिंक रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी गई। इस मौके पर हिंदूवादी नेता गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी, कन्हैया लाल अग्रवाल, भूपेश बाबा, सुनील मान मंदिर वाले सहित अभियान समिति के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आयोजकों के अनुसार, 27 जुलाई की सुबह सभी गौभक्त और कार्यकर्ता बी.एन. पोद्दार इंटर कॉलेज में एकत्रित होंगे। इसके बाद शोभायात्रा होली गेट से होकर बी.एन. पोद्दार इंटर कॉलेज होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचेगी।
कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। अभियान समिति ने जिले के संत-महात्माओं, गौसेवकों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, युवाओं, मातृशक्ति और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।