बिहार की राजनीति में बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी आज भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होंगे। हाल ही में उन्होंने RJD से इस्तीफा देकर पार्टी नेतृत्व पर उपेक्षा, अपमान और शिकायतों की अनदेखी का आरोप लगाया था।
जानकारी के अनुसार, पटना स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले उनके बीजेपी में शामिल होने को बिहार की राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।
मृत्युंजय तिवारी करीब 20 वर्षों तक RJD से जुड़े रहे और लंबे समय तक पार्टी के प्रमुख प्रवक्ता व मीडिया प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी निभाई। इस्तीफे के समय उन्होंने कहा था कि उन्होंने कठिन दौर में भी पार्टी का साथ नहीं छोड़ा, लेकिन पिछले कई महीनों से लगातार उनकी उपेक्षा की गई और सम्मान नहीं मिला।
उन्होंने यह भी दावा किया कि अपनी नाराजगी और शिकायतों से उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और तेजस्वी यादव को अवगत कराया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनके मुताबिक, पार्टी में कुछ नेताओं का प्रभाव इतना बढ़ गया है कि समर्पित कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुनी जा रही है।
गौरतलब है कि मृत्युंजय तिवारी ने 16 जुलाई को RJD से इस्तीफा दिया था। उस समय प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने उनसे तेजस्वी यादव के विदेश दौरे से लौटने तक इंतजार करने का आग्रह किया था, लेकिन तिवारी ने बाद में स्पष्ट कर दिया कि अब बातचीत का कोई औचित्य नहीं रह गया है। इसके बाद उन्होंने बीजेपी में शामिल होने का फैसला किया।