श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव से पहले मथुरा नगर निगम ने शहर की सड़कों को दुरुस्त करने के लिए कमर कस ली है। नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (CM-GRIDS) के तहत चल रहे सड़क निर्माण, मरम्मत और पेचवर्क कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन्माष्टमी से पहले सभी प्रमुख मार्गों को पूरी तरह सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाया जाए।
नगर निगम सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में नगर निगम और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों ने भाग लिया। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया गया। बैठक के दौरान खुदाई के बाद छोड़ी गई सड़कों, क्षतिग्रस्त मार्गों, अधूरे निर्माण कार्यों और पेचवर्क की स्थिति पर विशेष चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कार्यों की प्रगति रिपोर्ट लेते हुए गुणवत्ता से कोई समझौता न करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु मथुरा-वृंदावन पहुंचते हैं। ऐसे में शहर की सड़कें बेहतर, सुरक्षित और यातायात के लिए पूरी तरह तैयार होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर निगम का लक्ष्य है कि जन्माष्टमी से पहले शहर के सभी प्रमुख मार्ग श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए सुरक्षित, सुगम और बेहतर यातायात व्यवस्था के अनुरूप तैयार हो जाएं।