नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में ऑटो चालक की हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और गिरफ्तारी के बाद उन्हें घटनास्थल और आसपास के इलाकों में ले जाकर सार्वजनिक रूप से जुलूस (परेड) भी निकाला।
पुलिस के अनुसार, तीन दिन पहले आरोपियों ने पहले एक डिलीवरी बॉय से मारपीट कर करीब 1,000 रुपये लूटे। इसके बाद कैटरिंग का काम करके घर लौट रहे एक ऑटो चालक को सुनसान सड़क पर रोक लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की और सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस उन्हें उन स्थानों पर लेकर गई, जहां उन्होंने अपराध किया था और जहां से फरार होने की कोशिश की थी। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जमा हो गए।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ में अन्य अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है। इस घटना के बाद नागपुर में ऑटो चालकों और छोटे वाहन चालकों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने संवेदनशील और सुनसान इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।