Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 22 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
अमृतसर में चादर में लिपटा मिला युवक का शव, CCTV ने खोला राज; दोस्त गिरफ्तार

अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में चादर में लिपटा एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती तौर पर मामला हत्या का लग रहा था, लेकिन पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि युवक की कथित तौर पर नशे की ओवरडोज से मौत हो गई थी। इसके बाद उसका दोस्त घबरा गया और शव को चादर में लपेटकर गली में फेंक आया। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

घटना अमृतसर के कोट खालसा इलाके की है। सुबह स्थानीय लोगों ने गली में चादर में लिपटा शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान सुखविंदर सिंह (35-36 वर्ष) के रूप में हुई।

पुलिस जांच में पता चला कि सुखविंदर सिंह अपने दोस्त कुलदीप सिंह के साथ पेंटर का काम करता था। दोनों ने पहले शराब पी और फिर नशा किया। इसी दौरान कथित तौर पर ओवरडोज के कारण सुखविंदर की मौत हो गई। मौत के बाद कुलदीप घबरा गया और घर से चादर लाकर शव को उसमें लपेटा। फिर उसे कंधे पर उठाकर गली में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।

CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मौत की वजह नशे की ओवरडोज प्रतीत हो रही है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अंतिम पुष्टि होगी। मामले के हर पहलू की जांच जारी है।

Previous News

गोवर्धन भाजपा सम्मेलन में राष्ट्रगान रोकने का वीडियो वायरल, भाजपा बोली- ऑपरेटर की तकनीकी गलती

Next News

'मैं संत नहीं हूं...' विवादों पर पहली बार खुलकर बोलीं राधे मां, परिवार और आरोपों पर भी दिया जवाब