हरियाणा के फरीदाबाद में मेकअप आर्टिस्ट रश्मि और जिम ट्रेनर आकाश उर्फ अक्कू की मौत का मामला रहस्य बन गया है। दोनों के शव आगरा नहर से बरामद हुए। उनके हाथ डेटा केबल से बंधे मिले और शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए। इस घटना के बाद यह सवाल उठ रहा है कि यह आत्महत्या है या सुनियोजित हत्या।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के पास खड़ी रश्मि की कार से दो मोबाइल फोन और खून से सना एक हथौड़ा बरामद हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि रश्मि अपने घर से आकाश से मिलने निकली थीं। इसके बाद दोनों लापता हो गए और बाद में उनके शव नहर से बरामद हुए।
मृतक आकाश के परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए साजिश की आशंका जताई है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के आधार पर ही मौत की असली वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।