पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। गोविंदपुर रेलवे फाटक पर स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक वैन तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में दो स्कूली बच्चों और एक बुजुर्ग की मौके पर मौत हो गई, जबकि कई बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूल वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल बच्चों का इलाज बेरहामपुर अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रेलवे क्रॉसिंग पार करने के दौरान हुई। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है।