मथुरा के परिक्रमा मार्ग स्थित श्री जगन्नाथ जी की बगीची में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। सुबह मंगला दर्शन और मंगला आरती के साथ उत्सव का शुभारंभ हुआ। इसके बाद भगवान को स्वास्थ्य लाभ की परंपरा के अनुसार खिचड़ी का भोग अर्पित किया गया।
सेवक शिवकुमार चतुर्वेदी ने बताया कि शाम होते ही भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बड़े भाई बलभद्र को भव्य फूलों से सजे रथ में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया। रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जयघोष और भजन-कीर्तन के बीच भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
रथयात्रा महोत्सव में शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शयन आरती के समय भी मंदिर परिसर भक्तों से खचाखच भरा रहा। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई, जिसे भक्तों ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया।