बुलंदशहर के कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित यमुनापुरम के प्लॉट नंबर N-8 में झुग्गियों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते घरों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
घटना के समय सभी परिवार के सदस्य मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे, जबकि एक 3 वर्षीय बच्चा घर में मौजूद था, जिसे समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। झुग्गियों के पास रखे गैस सिलेंडरों की मौजूदगी के कारण बड़ा हादसा होने से बाल-बाल टल गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।