मथुरा के थाना महावन क्षेत्र में मंगलवार को यमुना एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। माइलस्टोन-19 के पास तेज रफ्तार ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, भिंड निवासी 35 वर्षीय अभिषेक, पुत्र ओमप्रकाश, अपनी पत्नी साक्षी और मासूम बच्ची के साथ ऑल्टो कार से दिल्ली जा रहे थे। इसी दौरान थाना महावन क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन-19 के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
हादसा इतना भीषण था कि साक्षी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए मथुरा के जिला अस्पताल भेजा।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। पत्नी की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।