जम्मू-कश्मीर की राजनीति में 'ऑपरेशन लोटस' वाले बयान को लेकर घमासान तेज हो गया है। जम्मू-कश्मीर बीजेपी अध्यक्ष सत पॉल शर्मा ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को 100 करोड़ रुपये का कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में 7 दिन के भीतर माफी मांगने और बयान वापस लेने की मांग की गई है। ऐसा नहीं करने पर आपराधिक मानहानि का मुकदमा दायर करने की चेतावनी दी गई है।
पूरा विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब उमर अब्दुल्ला ने आरोप लगाया था कि बीजेपी के एक पदाधिकारी ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों को 20 से 30 करोड़ रुपये, मंत्री पद और राज्य का दर्जा बहाल कराने का लालच देकर पाला बदलने की कोशिश की। उन्होंने यह भी दावा किया था कि संबंधित बीजेपी नेता सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले वकील हैं।
बीजेपी ने इन आरोपों को झूठा, निराधार और मानहानिकारक बताते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री अपने आरोपों के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं कर पाए। पार्टी का कहना है कि यदि तय समय सीमा में माफी नहीं मांगी गई, तो 100 करोड़ रुपये के आपराधिक मानहानि के मुकदमे की कार्रवाई की जाएगी।