Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 13 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
बेटी के जन्म से पहले उजड़ा परिवार, अस्पताल पहुंचने से पहले पिता और मामा की दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। गर्भवती पत्नी को देखने अस्पताल जा रहे पति और उसके साले की सड़क हादसे में मौत हो गई। सबसे मार्मिक बात यह रही कि हादसे के महज दो घंटे बाद पत्नी ने एक बेटी को जन्म दिया, लेकिन नवजात का चेहरा देखने से पहले ही उसके पिता और मामा इस दुनिया को अलविदा कह चुके थे।

जानकारी के अनुसार, मौदहा थाना क्षेत्र के रोहारी गांव निवासी कुलदीप कुमार अपनी गर्भवती पत्नी को देखने जिला अस्पताल जा रहे थे। बाइक की हेडलाइट खराब होने के कारण उन्होंने अपने साले पवन और एक अन्य रिश्तेदार के साथ ई-रिक्शा से जाने का फैसला किया। रास्ते में नेशनल हाईवे-34 पर एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे कुलदीप और पवन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के करीब दो घंटे बाद अस्पताल में भर्ती पत्नी ने एक बच्ची को जन्म दिया। परिवार में जहां नवजात के आने की खुशी होनी थी, वहीं इस दर्दनाक हादसे ने पूरे घर को गम में डुबो दिया। बताया जा रहा है कि अस्पताल में भर्ती महिला को अभी तक अपने पति और भाई की मौत की जानकारी नहीं दी गई है।

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Previous News

GPS से पति का पीछा, होटल में प्रेमिका संग रंगेहाथ पकड़ा... फिर सड़क से कोर्ट तक हाईवोल्टेज ड्रामा

Next News

मथुरा में साइबर अपराधियों ने ट्रस्ट के बैंक खातों को बनाया निशाना: उड़ाए 1.5 करोड़ रुपये, SBI में फर्जीवाड़े का खुलासा