आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला यात्री को ट्रेन में चढ़ाने को लेकर RPF कर्मियों और डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट (DSS) के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ा कि RPF जवानों ने डिप्टी एसएस के साथ मारपीट की और उन्हें प्लेटफॉर्म से घसीटते हुए RPF थाने तक ले गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है। रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चार RPF कर्मियों को निलंबित कर दिया है और जांच समिति गठित की है।
जानकारी के अनुसार, आगरा कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर हीराकुंड एक्सप्रेस खड़ी थी। इसी दौरान एक महिला यात्री सामान खरीदने के लिए ट्रेन से नीचे उतरी। जब ट्रेन चलने लगी तो वह ट्रेन में नहीं चढ़ सकी। महिला की सुरक्षा को देखते हुए डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट नरेंद्र चाहर ने लोको पायलट को सूचना देकर ट्रेन रुकवा दी, ताकि महिला सुरक्षित दोबारा ट्रेन में सवार हो सके।
आरोप है कि मौके पर मौजूद RPF कर्मियों ने इसे चेन पुलिंग का मामला समझते हुए महिला को रोक लिया। डिप्टी एसएस ने स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की, लेकिन इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर मारपीट की नौबत आ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, RPF कर्मियों ने डिप्टी एसएस के साथ धक्का-मुक्की की, थप्पड़ मारे और उन्हें प्लेटफॉर्म से घसीटते हुए करीब 300 मीटर दूर RPF थाने तक ले गए। घटना के दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। रेलवे प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार RPF कर्मियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है, जो घटना की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।