मथुरा। बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज में रविवार को टीचर्स सेल्फ केयर टीम (TSCT) मथुरा के तत्वावधान में शैक्षिक संगोष्ठी, श्रद्धांजलि सभा एवं धन्यवाद सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मांट विधायक राजेश चौधरी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान TSCT की ओर से शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू किए जाने तथा एसबीआई के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर होने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने इसे शिक्षक हित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में शिक्षा की गुणवत्ता, शिक्षक कल्याण और संगठन की भावी योजनाओं पर भी चर्चा की गई।