कोसीकलां। मथुरा के गोपालबाग चौकी क्षेत्र स्थित आगरा कैनाल में गुरुवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नहर के किनारे से गुजर रहे राहगीरों की नजर जब बहते हुए शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत उसे बाहर निकालकर किनारे रखा और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गोपालबाग चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है और आसपास के थानों से भी संपर्क किया जा रहा है।
फिलहाल महिला की पहचान और मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है।