वृन्दावन। मथुरा-वृन्दावन में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच विद्युत विभाग की कथित लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। मथुरा-वृन्दावन मार्ग पर आईटीआई कॉलेज के सामने जलभराव के बीच एक बिजली के पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से एक गाय की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारिश के कारण सड़क पर पानी भरा हुआ था। इसी दौरान विद्युत पोल में करंट उतर आया और वहां से गुजर रही गाय उसकी चपेट में आ गई। करंट इतना तेज था कि गाय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बारिश के दौरान खुले बिजली के तार, जर्जर पोल और विद्युत व्यवस्था की अनदेखी लगातार हादसों को न्योता दे रही है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही वृन्दावन की गौरा नगर कॉलोनी में एक गर्भवती गाय की भी करंट लगने से मौत हो गई थी। लगातार 24 घंटे के भीतर दो गायों की मौत ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि बारिश के मौसम में सभी विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और बिजली लाइनों की तत्काल जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते लापरवाही नहीं रोकी गई तो अगली बार किसी इंसान की जान भी जा सकती है।