आगरा। शहर के सुभाष बाजार में भारी बारिश के दौरान नाले पर बनी कपड़ों की दुकान ढहने के बाद लापता हुई 55 वर्षीय गंगा देवी का शव करीब 15 घंटे लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिया गया। इस हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है।
बुधवार को लगातार हो रही बारिश के बीच नाले पर बनी दो मंजिला कपड़ों की दुकान अचानक भरभराकर गिर गई थी। हादसे के दौरान दुकान का मलबा सीधे नाले में जा गिरा। मलबे के साथ गंगा देवी भी बह गई थीं, जबकि दुकान मालिक समेत चार अन्य लोग घायल हो गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, नगर निगम और एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
रातभर चले रेस्क्यू अभियान के बाद गुरुवार सुबह नाले से महिला का शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि लगातार हो रही बारिश के कारण जर्जर भवन कमजोर पड़ गया, जिससे यह हादसा हुआ। स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि बाजार में कई अन्य दुकानें भी जर्जर हालत में हैं और उनकी मरम्मत की अनुमति लंबे समय से लंबित है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे भवनों का तत्काल सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
हादसे के बाद जिला प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।