बुलंदशहर में ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। दो दिवसीय इस विशेष कार्रवाई में कुल 10,215 वाहनों की जांच की गई, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज और प्रदूषण फैलाने वाली 43 बाइकों के चालान काटे गए। इसके साथ ही प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वाले 76 वाहन चालकों पर भी जुर्माना लगाया गया।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान शहर में यातायात व्यवस्था को सुधारने और ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के उद्देश्य से चलाया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और अनावश्यक हूटर, प्रेशर हॉर्न या मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग न करें, ताकि सड़क सुरक्षा और पर्यावरण दोनों सुरक्षित रह सकें।