Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 08 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
ऑटो में महिला ने दिया चार बच्चों को जन्म, जन्म के कुछ देर बाद चारों नवजातों की मौत

मध्य प्रदेश के मंडला जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक गर्भवती महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले ऑटो-रिक्शा में एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया, लेकिन जन्म के कुछ ही समय बाद चारों नवजातों की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।

परिजनों का आरोप है कि प्रसव पीड़ा शुरू होने पर उन्होंने समय पर 108 एम्बुलेंस सेवा से संपर्क किया, लेकिन एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। मजबूर होकर गर्भवती महिला को ऑटो-रिक्शा से अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में ही महिला ने तीन बेटियों और एक बेटे को जन्म दिया, लेकिन चारों नवजातों की जान नहीं बच सकी।

वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने एम्बुलेंस में देरी को मौत का कारण मानने से इनकार किया है। जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के अनुसार, महिला की गर्भावस्था सातवें महीने में थी और चारों बच्चों का वजन लगभग 1.5 किलोग्राम था। समय से पहले जन्म और अधूरे शारीरिक विकास के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। अधिकारी ने बताया कि महिला का उपचार जारी है और उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

उधर, परिजनों का कहना है कि यदि समय पर एम्बुलेंस मिल जाती और महिला को जल्दी अस्पताल पहुंचाया जाता, तो शायद बच्चों की जान बचाई जा सकती थी। इस मामले पर जिला प्रशासन का कहना है कि अभी तक कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Previous News

सड़क के गड्ढों को कागजों में बना दिया तालाब! 25 लाख के घोटाले का खुलासा, मचा हड़कंप

Next News

पूर्व विधायक विजय मिश्रा पर बड़ी कार्रवाई! महाराष्ट्र में 100 करोड़ की दाल मिल कुर्क, अब तक 241 करोड़ की संपत्ति जब्त