Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 08 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मुड़िया पूर्णिमा मेले की तैयारियां तेज, प्रशासन हाई अलर्ट; सुरक्षा के लिए 9 जोन, 10 पेट्रोलिंग टीमें तैनात होंगी

गोवर्धन (मथुरा)। ब्रज के विश्व प्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए बुधवार को गोवर्धन तहसील परिसर में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में कमिश्नर नागेंद्र प्रताप, एडीजी एस.के. भगत, डीआईजी शैलेश कुमार पांडे, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए कमिश्नर नागेंद्र प्रताप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुड़िया पूर्णिमा मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।

वहीं एडीजी एस.के. भगत ने बताया कि मेले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को 9 सुरक्षा जोन में विभाजित किया गया है। इसके अलावा 10 पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार भ्रमण करेंगी तथा विभिन्न स्थानों पर अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की जाएंगी। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्षों के अनुभवों और सामने आई कमियों का विश्लेषण कर इस बार व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा रहा है। भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक संचालन, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है, ताकि लाखों श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के गिरिराज महाराज की परिक्रमा और दर्शन कर सकें।

प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं, जिससे मुड़िया पूर्णिमा मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

Previous News

यमुना पुल से युवती ने लगाई छलांग, राहगीरों ने दिखाई बहादुरी; समय रहते बचाई जान

Next News

महिला समूहों की 7 लाख की रकम लेकर फरार हुआ मैनेजर, एक महीने बाद भी FIR नहीं; एसएसपी से लगाई गुहार