हरिद्वार के प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में चढ़ावे की व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए मंदिर प्रबंधन ने नई व्यवस्था लागू की है। अब मंदिर में सेवा देने वाले सभी पुजारी बिना जेब वाले कुर्ते पहनकर ही पूजा-अर्चना कराएंगे। इसके साथ ही मंदिर परिसर में ड्रेस कोड भी अनिवार्य कर दिया गया है। चढ़ावे की निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सात सदस्यीय समिति का गठन किया गया है, जिसे ईमानदारी से कार्य करने की शपथ भी दिलाई गई है। यह समिति सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरी व्यवस्था पर नजर रखेगी। मां मनसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने बताया कि चढ़ावे को लेकर मिली कुछ शिकायतों के बाद यह फैसला लिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे और पूरी व्यवस्था पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संचालित हो सके।