मथुरा। शहर में लगातार बढ़ती यातायात अव्यवस्था, अवैध पार्किंग और सड़कों पर लगने वाले जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए मथुरा-वृंदावन नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम ने शहर के 13 प्रमुख स्थानों पर आधुनिक पार्किंग स्थलों के निर्माण की योजना को अंतिम रूप दे दिया है। सभी स्थानों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, शहर के प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में दुकानों एवं प्रतिष्ठानों के बाहर सड़क पर ही वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे अतिक्रमण बढ़ता है, सड़कें संकरी हो जाती हैं और आम लोगों को भीषण ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के उद्देश्य से शहर के विभिन्न स्थानों पर व्यवस्थित पार्किंग विकसित की जा रही है।
इन पार्किंग स्थलों के बनने के बाद लोगों को अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से पार्क करने की सुविधा मिलेगी। इससे बाजारों में यातायात सुचारु होगा, जाम की समस्या कम होगी और पैदल चलने वालों के लिए भी सड़कें अधिक सुरक्षित बनेंगी।
इस संबंध में अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने बताया कि शहर के 13 पार्किंग स्थलों के निर्माण के लिए सभी टेंडर स्वीकृत किए जा चुके हैं और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्किंग सुविधा उपलब्ध होने के बाद यदि कोई व्यापारी, प्रतिष्ठान संचालक या वाहन चालक सड़क पर वाहन खड़ा कर अतिक्रमण करता है, तो उसके खिलाफ चालान के साथ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम का मानना है कि यह पहल मथुरा की ट्रैफिक व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी और आने वाले समय में शहर को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।