मथुरा: थाना कोसीकलां क्षेत्र के बठैन कलां गांव में एक महिला ने अपने दबंग पड़ोसियों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। स्थानीय पुलिस से न्याय न मिलने का आरोप लगाते हुए पीड़िता हेमलता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मथुरा को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, 30 जून की सुबह वह पानी भरने जा रही थी, तभी पड़ोसियों ने पीछे से बाइक से टक्कर मार दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। महिला का कहना है कि उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसकी जान बचाई। पीड़िता का दावा है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि 18 मई को भी इन्हीं लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी। शिकायत के बावजूद थाना कोसीकलां पुलिस द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने एसएसपी से निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
यह खबर पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले में पुलिस का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।