ब्रज को स्वच्छ और पॉलीथीन मुक्त बनाने के संकल्प के साथ मांट स्थित श्री ब्रज आदर्श इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अपनाने और सिंगल यूज़ पॉलीथीन का उपयोग बंद करने का संदेश दिया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक राघवेंद्र सिंह के निर्देशानुसार आयोजित इस रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं स्टाफ बड़ी संख्या में शामिल हुए। हाथों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर विद्यार्थियों ने लोगों से ब्रज को साफ-सुथरा रखने और पॉलीथीन का प्रयोग न करने की अपील की। रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होकर निकली।
विद्यालय प्रशासन ने कहा कि स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त ब्रज हम सभी की जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक नागरिक पॉलीथीन का उपयोग छोड़कर स्वच्छता को अपनी आदत बना ले, तो ब्रज की पवित्रता और प्राकृतिक सुंदरता को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने लोगों को कपड़े या जूट के थैले अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दिलाया।