झांसी में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त अभियान चलाया। यातायात निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीआई देवेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग की गई।
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों पर कार्रवाई की गई। चेकिंग में दो बुलेट मोटरसाइकिल बिना नंबर प्लेट और मॉडिफाइड साइलेंसर के साथ पकड़ी गईं, जिन्हें सीज कर ₹43,000 का जुर्माना लगाया गया।
तीन बसों में प्रेशर हॉर्न पाए जाने पर ₹37,500 का चालान किया गया, जबकि एक थार कार पर ब्लैक फिल्म और बिना नंबर प्लेट के चलते ₹10,500 का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा एक स्कॉर्पियो और एक अन्य बाइक पर भी कार्रवाई की गई।
कुल मिलाकर अभियान में लगभग ₹1 लाख का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।